ओपनएआई इस साल भारत में खोलेगा पहला कार्यालय: सैम ऑल्टमैन
सैम ऑल्टमैन ने कहा कि भारत में एआई (AI) अपनाने की रफ्तार उनके लिए “बेहतरीन अनुभव” रही है। उन्होंने बताया कि पिछले एक साल में भारत में ChatGPT उपयोगकर्ताओं की संख्या चार गुना बढ़ी है।
ओपनएआई के सीईओ सैम ऑल्टमैन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए घोषणा की कि कंपनी इस साल के अंत तक नई दिल्ली में अपना पहला कार्यालय खोलेगी।
रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, भारत कंपनी के लिए उपयोगकर्ताओं की संख्या के लिहाज से दूसरा सबसे बड़ा बाजार है। ओपनएआई भारत में एक कानूनी इकाई के रूप में स्थापित हो चुका है और स्थानीय टीम की भर्ती भी शुरू कर दी गई है।
भारत, चैटजीपीटी के लिए एक अहम बाजार है। इसी हफ्ते कंपनी ने यहां सिर्फ $4.60 (करीब ₹380) प्रति माह का सबसे सस्ता प्लान लॉन्च किया है, जिसका लक्ष्य देश के करीब एक अरब इंटरनेट उपयोगकर्ताओं तक पहुँचना है।
सैम ऑल्टमैन ने आधिकारिक बयान में कहा –
“भारत में एआई को लेकर उत्साह और अवसर अद्भुत हैं। भारत में शानदार टेक्नोलॉजी टैलेंट, विश्वस्तरीय डेवलपर इकोसिस्टम और सरकार का मज़बूत सहयोग (IndiaAI Mission के जरिए) मौजूद है। नई दिल्ली में पहला कार्यालय खोलना और स्थानीय टीम बनाना हमारे उस संकल्प का पहला कदम है, जिसमें हम उन्नत एआई को भारत में और भारत के साथ मिलकर विकसित करना चाहते हैं।”
हालांकि कंपनी ने अभी कार्यालय का सटीक स्थान घोषित नहीं किया है, लेकिन जल्द ही अपनी गतिविधियों और योजनाओं के बारे में अधिक जानकारी साझा करेगी।
इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी, रेल और सूचना प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा –
“भारत में ओपनएआई की मौजूदगी डिजिटल नवाचार और एआई अपनाने में देश की बढ़ती नेतृत्व क्षमता को दर्शाती है। डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर, एआई टैलेंट और एंटरप्राइज-स्तर के समाधानों में मज़बूत निवेश के चलते भारत एआई-आधारित परिवर्तन की अगली लहर को आगे बढ़ाने में अग्रणी रहेगा। इंडिया एआई मिशन के तहत हम भरोसेमंद और समावेशी एआई इकोसिस्टम बना रहे हैं और इसमें ओपनएआई का सहयोग स्वागत योग्य है।”
भारत में ओपनएआई को गूगल के Gemini और एआई स्टार्टअप Perplexity जैसी कंपनियों से कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ रहा है, जो अपने उन्नत प्लान भारतीय उपयोगकर्ताओं के लिए मुफ्त उपलब्ध करा रही हैं।
